जम्मू। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में अगली सरकार भाजपा बनाएगी।
सांसद जुगल किशोर शर्मा व अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ शनिवार को रैना ने सुंदरबनी के कालाकोट क्षेत्र में रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में तेजी से विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास मिशन के साथ विकास की गति को हर क्षेत्र में बढ़ाया गया है। उन्होंने नेकां, पीडीपी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने शासनकाल में इन दलों ने केवल भ्रष्टाचार पर ध्यान दिया। इन्हें विकास की कोई चिंता नहीं थी।
सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। ऐसा जम्मू-कश्मीर के इतिहास में अब तक नहीं हुआ है।