अखनूर। उपायुक्त अवनी लवासा की तरफ से एक साल से रहने वाले दूसरे राज्य के लोगों के मतदाता पहचान पत्र बनाने के आदेश पर क्षेत्र के विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में रोष है। लोगों का कहना है नए मतदाता बनाने पर प्रदेश के लोगों की पहचान खो जाएगी। उन्होंने भाजपा पर कुर्सी की राजनीति का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि केंद्र में भाजपा की सरकार ने अन्य राज्यों के लोगों को मात्र एक साल की रिहायश पर मतदाता बनाने का आदेश सोची समझी साजिश के तहत बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार कुर्सी की राजनीति करके जम्मू-कश्मीर की भौगोलिक स्थिति बिगाड़ने की फिराक में है। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील शर्मा ने बताया कि दूसरे राज्यों के लोगों के मतदाता बना कर जम्मू-कश्मीर के लोगों का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। ऐसे में केंद्र सरकार को चाहिए कि ऐसा कोई भी आदेश जारी न करे, जिस पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को हानि होगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार को चाहिए कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए जनहित के कार्य करे।
स्थानीय निवासी बलदेव राज ने बताया कि कुर्सी की राजनीति पर दूसरे प्रदेश के लोगों के वोट बना कर जम्मू-कश्मीर के लोगों की पहचान खत्म हो जाएगी। केंद्र सरकार को तुरंत ही आदेश वापस लेना चाहिए।