राज्य पुलिस के महानिदेशक एसपी वैद ने बताया कि हमारी जानकारी के अनुसार ड्राइवर ने आत्मरक्षा के लिहाज से ऐसा किया। वायरल वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे युवा वाहन के इतने करीब आकर पथराव कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हम पहले स्थानीय युवाओं से अपील कर चुके हैं कि एनकाउंटर के दौरान वहां न आया करें। इस दौरान हो रही फायरिंग की चपेट में वह आ सकते हैं। साथ ही पत्थरबाजी के दौरान सुरक्षाबलों की कार्रवाई में उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। डीजीपी की चेतावनी के बाद भी काफी संख्या में लोग मुठभेड़ स्थल पर पहुंचकर पत्थरबाजी करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने की निंदा
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर घाटी के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान तीन नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा की है। कहा कि नागरिकों की हत्या से किसी के हितोें की पूर्ति नहीं हो सकती, परंतु हम इससे राज्य को अनिश्चितता में डाल रहे हैं।
उन्होंने दोहराते हुए कहा कि जम्मू व कश्मीर को हिंसा के भंवर से बाहर निकालने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने सभी विचारधारा के लोगों से आगे आकर समस्या समाधान की अपील की है।
ज्ञात हो कि आतंकियों ने पिछले 24 घंटे में हाजिन में दो तथा सोपोर में एक नागरिक की हत्या की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त की तथा मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दुआ मांगी।