सांबा। एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने मंगलवार को अपराध पर समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य जिले के थानों में गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत बीते वर्षों में दर्ज मामलों के निपटान पर रहा।
बैठक मेें गुण दोष के आधार मामलों को कम करने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में जांच अधिकारियों ने जांच के दौरान सामने आ रहे कानूनी मुद्दों को रखा, जिस पर लोक अभियोजन अधिकारी, प्रधान एवं जिला सत्र न्यायालय और सीनियर पीओ डीपीओ ने सभी मुद्दों पर मंथन किया, और उनके त्वरित निपटान के लिए राय दी। इसके अलावा सभी पर्यवेक्षी अधिकारियों को सभी पहलुओं को कवर करते हुए गुणवत्ता जांच करने और कानून की अदालत में यूए (पी) ए, नार्को और अन्य मामलों की दोष सिद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने प्रत्येक मामले की सावधानीपूर्वक कार्रवाई पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित मामलों को संवेदनशीलता के आधार पर कम से कम समय में निपटाएं।
एसएसपी ने जिले में सामान्य अपराध की स्थिति का भी जायजा लिया और सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों को थानों में दर्ज मामलों के निपटान दर में वृद्धि करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र की जिम्मेदारियों में सीमा सुरक्षा ग्रिड, क्षेत्र वर्चस्व और रात्रि गश्त को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त एसपी सुरिंद्र चौधरी, सभी पर्यवेक्षी अधिकारी, लोक अभियोजन अधिकारी, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।