बुधवार की देर शाम पुंछ जिले के जड़ांवाली गली क्षेत्र में एक टवेरा गाड़ी से सेना की 25 आरआर और पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के दो कूरियर आकिब अहमद बट्ट पुत्र बशीर अहमद बट्ट और शब्बीर अहमद पुत्र गुलाम मोहिउद्दीन निवासी काकपोरा पुलवामा को गिरफ्तार किया था।
शुक्रवार को दोनों को पुलिस ने मेंढर मुंसिफ न्यायालय में जज के समक्ष पेश किया, जहां सरकारी वकील के आग्रह और दोनों संदिग्ध युवकों के अपराध को देखते हुए जज ने उन्हें पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
गौरतलब है कि पुलिस ने सेना के सहयोग से विश्वसनीय सूचना पर दो दिन पूर्व दो कश्मीरी युवकों को पकड़ा था। उनके पास से दो एके 56 राइफल, दो मैगजीन साठ गोलियां और चार हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे।
दोनों के खिलाफ मेंढर के गुरसाई थाने में एफआईआर (80/2018) दर्ज कर उन पर आतंकी गतिविधियों से जुडे़ होने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को इनके लश्कर के लिए हथियार लाने ले जाने का काम करने का पता चला था।
आगे की जांच के लिए पुलिस ने दोनों कश्मीरी युवकों को मेढर न्यायालय में पेश कर उनकी रिमांड की अर्जी दी थी। इस पर सुनवाई करते हुए उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।