शुक्रवार देर रात पत्नीटाप से सनासर जा रही गाड़ी के नाके पर नहीं रोकने के कारण पुलिस कर्मी ने गोली चला दी। गोली वाहन के टायर में लगी और टायर फट गया। देर रात क्षेत्र में तनाव बना हुआ था और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
मामले को शांत करने के लिए डीआईजी रामबन निसार खान भी पहुंचे और लोगों को शांत किया। डीआईजी के अनुसार फिलहाल गोली चली है और मामले की जांच जारी है। गाड़ी से कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। सुरक्षा कड़ी करने के कारण सुरक्षाकर्मी को मुस्तैद किया गया था।
जानकारी के अनुसार देर रात बटोत से सनासर की तरफ की जा रही क्वालिस कार को पुलिसकर्मी ने जांच के लिए रोका। कार में तीन लोग सवार थे और सभी अपने घर नत्थाटाप की तरफ जा रहे थे। घाटी में आतंकी बुरहान के मारे जाने के बाद हाईवे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
हाईवे पर पत्नीटाप से सनासर की तरफ जा रही कार को रोका गया। कार चालक ने नाके पर गाड़ी को नहीं रोका और नाके पर तैनात पुलिसकर्मी ने पहले हवा में गोली चलाई। हवा में गोली चलाने के बाद भी जब गाड़ी नहीं रुकी तो उसने एक गोली कार के टायर पर मार दी। कार रुक गई और उसमें सवार लोग बाहर आ गए। गोली की आवाज क्षेत्र में दूर-दूर तक फैल गई।
इन लोगों ने पत्नीटाप क्षेत्र में आकर हाईवे पर धरना दिया। पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद लोग वापस लौट गए। र्डीआईजी निसार खान के अनुसार इस मामले की सुबह जांच की जाएगी। नाके पर गाड़ी नहीं रोकने के कारण हादसा हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नाके पर पुलिस का सहयोग करें।