जम्मू संभाग के बारी ब्रह्मणा इंडस्ट्रियल इलाके में पुलिस ने अपनी बर्बरताओं की हदें पार कर दी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक युवक के पूछताछ के दौरान नाखून उखाड़ लिए गए। दरअसल मंगलवार शाम सात बजे पुलिस ने बारी ब्रह्मणा इंडस्ट्रियल इलाके में चिकन की दुकान लगाने वाले युवक को उसकी दुकान से उठा लिया था।
जिसके बाद पुलिस उसे स्थानीय थाने में ले गई जहां उसके साथ पुलिस ने मारपीट की। इस पूरे मामले में सबसे चौकने वाली बात ये है कि पुलिस ने इस युवक के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। युवक के साथ रात भर पुलिस ने मारपीट की और फिर सुबह के समय उसे छोड़ दिया
पुलिस की बर्बरता ही हद तो तब पार हो गई जब पुलिस ने प्रताणना के दौरान उसके हाथों की उंगलियों के नाखून तक उखाड़ डाले। पीड़ित के परिवार वालों ने ये भी आरोप लगाया है कि युवक को करंट भी दिया गया है। खाकी के रौब का शिकार हुआ युवक बाजीगर बस्ती बारी ब्रह्मणा का रहने वाला है। युवक का नाम विकास सिंह पुत्र यशपाल बताया जा रहा है।