आईजीपी ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की, सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। आईजीपी जम्मू जोन भीम सेन टूटी ने जिले का दाैरा कर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। सीमावर्ती जिलोें राजोरी-पुंछ में सुरक्षा व्यवस्था, ऑपरेशनल तैयारियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। आईजीपी ने पुलिस अफसरों को सतर्कता बढ़ाने, सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने आईजीपी को कानून-व्यवस्था की स्थिति, आतंकवाद रोधी अभियानों, अपराध नियंत्रण तथा विभिन्न क्षेत्रों में तैनाती से संबंधित मुद्दों की जानकारी दी। आईजीपी ने खुफिया तंत्र को मजबूत करने, फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। सक्रिय पुलिसिंग और सामुदायिक सहभागिता को भी आवश्यक बताया। अधिकारियों को विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए। बैठक में प्रशासनिक कार्यप्रणाली, पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े उपायों और आधारभूत ढांचे की जरूरतों की भी समीक्षा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने राजोरी-पुंछ में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में डीआईजी संदीप वजीर, एसएसपी गौरव सिवारकार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।