अरनिया पुलिस ने तस्करों पर कसा शिकंजा, अल्हा गांव में महिला समेत दो काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। पुलिस ने रविवार को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर छह हजार लीटर लाहन और 50 लीटर देसी शराब बरामद कर नष्ट की है। पुलिस ने आल्हा गांव में दबिश देकर पांच हजार लीटर लाहन (कच्ची शराब) और 30 लीटर शराब जब्त की। ज्याैड़ियां गांव से एक हजार लीटर लाहन और 20 लीटर शराब पकड़ी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी घर पर ही शराब तैयार कर रहे थे। आल्हा गांव से आरोपी अमित कुमार और अरुणा कुमारी को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ गुरमीत सिंह और थाना प्रभारी अरनिया दिलावर कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।