अखनूर। कस्बे में पुलिस ने मंगलवार को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करने पर उनका समान जब्त करने और दो दुकानदारों को हिरासत में लेने पर दुकानदारों और लोगों ने रोष व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि पुलिस एक तरफ कार्रवाई करके त्योहारों और शादियों के सीजन में लोगों की आवाजाही को बंद करा कर व्यापार ठप करने पर तुली है। अगर शीघ्र ही कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन का रस्ता चुनना पडे़गा।
दुकानदार विक्की कुमार ने पुलिस की कार्रवाई पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि शादियों और त्योहारों के सीजन पर बाजारों में ऐसी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। बाजार में करवाचौथ पर काफी भीड़ है। पुलिस को त्योहारों में छूट देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी पर छह माह से मंदी छाई थी। अब बाजार में ग्राहक आने शुरू हुए हैं तो प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। ऐसे समय कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।