जम्मू। पुलिस के लिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था अगले तीन दिन के लिए कड़ी चुनौती रहेगी। धनतेरस, दीवाली, भइया दूज और विश्वकर्मा दिवस को लेकर बाजारों में खासी रौनक रहेगी। अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर के सभी प्रमुख स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा बलों को शिफ्टवार 24 घंटे लगातार गश्त के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। पूरे तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है। बस स्टैंड, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, रघुनाथ मंदिर, रणवीरेश्वर मंदिर सहित प्रमुख बाजारों में 24 घंटे गश्त करने के लिए कहा गया है। बाजारों में सादी वर्दी में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल हथियारों के साथ तैनात हैं। डीआईजी विवेक गुप्ता का कहना है कि फेस्टिवल सीजन शुरू हो चुका है। अगले चार दिन तक सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों का तंत्र पूरी तरह से सक्रिय है। सबकी तरफ से अपने स्तर पर जरूरी बंदोबस्त किए गए हैं। सूत्रों की मानें तो थानेदारों से लेकर चौकी अफसरों और डीएसपी रैंक के अफसरों को अपने-अपने इलाकों में 24 घंटे मौजूद रहने के आदेश दिए गए हैं।
---
सरहद पर भी कड़ा पहरा
आतंकियों की ओर से लगातार सरहद पार से घुसपैठ के प्रयास किए जा रहे हैं। आतंकी हर हाल में घुसपैठ कर हमला करना चाहते हैं। इसके लगातार इनपुट मिले हैं। इसे देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा के मजबूत बंदोबस्त किए गए हैं। एलओसी और बार्डर पर सेना एवं बीएसएफ ने गश्त बढ़ा दी है। सीमा से जुड़े तमाम रास्तों पर पुलिस और अर्धसैनिक बल मिलकर तैनात रहेंगे।