- डीएसपी ट्रैफिक साउथ ने चलाया विशेष अभियान, कई वाहनों के काटे चालान
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने या स्पष्ट दिखाई नहीं देने देने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती जारी है। मंगलवार को डीएसपी ट्रैफिक साउथ ने विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए। इसमें एक बाइक के 90 से अधिक ई-चालान हुए थे।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कई वाहन चालक नंबर प्लेट के कुछ हिस्से पर टेप लगा देते हैं। इससे वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं देता। नंबर प्लेट के साथ इस तरह की छेड़छाड़ से वाहन की पहचान करने में परेशानी होती है। विशेष रूप से यातायात नियमों के उल्लंघन या किसी घटना के बाद वाहन की पहचान के दौरान स्पष्ट नंबर प्लेट महत्वपूर्ण होती है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सड़क पर वाहनों की नंबर प्लेट की जांच की। जिन वाहनों की प्लेट पर टेप लगा मिला या नंबर को छिपाने की कोशिश की गई थी, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। चालकों को नंबर प्लेट निर्धारित तरीके से स्पष्ट रखने के लिए भी कहा गया।