- उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुलशन ग्राउंड में दिवाली मेले का किया उद्घाटन
- बच्चों ने खूब मचाया धमाल, लेजर शो और आतिशबाजी के साथ हुआ मेले का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गुलशन ग्राउंड में मंगलवार को सजा पुलिस दिवाली मेला काफी खास रहा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौबीस घंटे मुस्तैद रहने वाले खाकी वर्दी वालों की दुकान पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी पड़ी थी। कोई खानेपीने का सामान बेच रहा था तो कोई हैंडीक्राफ्ट, ड्राईफ्रूट और गरम कपड़ों का स्टॉल सजाए हुए था। स्वादिष्ट मिठाई के साथ ही जायका बदलने के लिए पुलिस कर्मी गोलगप्पे भी बेच रहे थे। सुबह से शाम तक गुलजार रहे मेले में लोगों ने दीपावली पर घर को सजाने के लिए खूब खरीदारी की।
एकदिवसीय दिवाली मेले का शुभारंभ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उनके साथ डीजीपी नलिनी प्रभात समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मेले के औपचारिक उद्घाटन के बाद विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब तालियां बंटोरी। देश से हो प्यार तो कहना चाहिए ... गीत पर देशभक्ति डांस, पंजाबी गिद्धा और डोगरी गानों पर बच्चों संग मेले में मौजूद लोग भी झूमे।
मेले में जम्मू के सभी दस जिलों के पुलिस मुख्यालयों की लगी दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। पुंछ जिले के स्टॉल पर गोबर से बना दीया और रामबन की देशी घी की बर्फी को लोगों ने काफी पसंद किया। महिलाओं ने साड़ी, सूट और घर के सजावटी सामानों के साथ ही गैस चूल्हा, रंग-बिरंगी झालर, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रे सहित अन्य सामानोंं की भी खरीदारी की।
-
स्थानीय कारीगरोंं के बनाए सामान खरीदकर लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा दें : एलजी
एकदिवसीय पुलिस दिवाली मेले का शुभारंभ मंगलवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बलिदानी पुलिस कर्मियों रणबीर ठाकुर, तारिक हुसैन, जसवंत और जगबीर सिंह समेत अन्य के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित किया। एलजी ने लोगों से स्वदेशी और स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दें और उद्यमियों को सशक्त बनाएं। एलजी ने कहा कि कि रोजगार बढ़ाएं और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की समग्र आर्थिक स्थिति को मजबूत करें। इस दिवाली वोकल फॉर लोकल आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने के लिए हमारा मिशन होना चाहिए। सभी परिवारों को दिवाली के उपहार के रूप में हस्तशिल्प, हथकरघा और अन्य पारंपरिक उत्पाद खरीदने चाहिए। इससे लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत होगी और छोटे व्यवसायों को समर्थन मिलेगा। इस दौरान डीजीपी नलिन प्रभात, एडीजीपी मुख्यालय एमके सिन्हा, एडीजीपी सशस्त्र आनंद जैन, आईजीपी जम्मू भीम सेन टूटी, संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार मौजूद रहे।सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारी, पुलिस पत्नी कल्याण संघ के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक भी मेले में शामिल हुए।
-
लेजर शो और आतिशबाजी से सतरंगी हुआ आसामान
पुलिस पत्नी कल्याण संघ (पीडब्ल्यूडब्ल्यूए) के सहयोग से जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा आयोजित एकदिवसीय मेले के देर शाम समापन अवसर पर लेजर शो और आतिशबाजी का आयोजन हुआ। पूरा आसमान सतरंगी रोशनी से नहा गया। लेजर शो के जरिए खासकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। बताया गया कि समाज और खुद के लिए यह कितना हानिकारक है। मेले में खासकर बच्चों ने झूला और भूत बंगला का जमकर मजा लिया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया। सर्वाधिक भीड़ खानपान की दुकानों पर रही। ऑडिटोरियम में मैजिक शो में जादू देख तालियों की गड़गड़ाहट से जादूगर का उत्साह बढ़ाया।
-
डोडा की गुच्छी, स्टिकी राइस और पुणे के बैंबू को लोेगों ने किया पसंद
मेले में डोडा पुलिस के स्टाल पर काफी भीड़ रही। मौजूद हसीब जरगर और मधु कोतवाल ने बताया कि लोगोंं को भद्वाह की गुच्छी और स्टिकी राइस काफी पसंद आ रही है। अनारदाना, अखरोट, शहद, राजमा और दाल को भी लोग पसंद कर रहे थे। लिबास बुटिक पर महिलाओं ने हैंडीक्राफ्ट और रेडीमेड कपड़ों की खूब खरीदारी की। स्टॉल पर मौजूद पलक चौधरी और फिजा चौधरी ने बताया कि पहली बार मेले में दुकान लगाई हैं। महिलाओं को खासकर हैंडीक्राफ्ट सामान भा रहा था। मेले में सबसे अलग काउंटर पुलिस महकमे का पुलिस डिपार्टमेंटल स्टोर रहा। यहां पर पुलिस कैंटीन में रियायती दर पर मिलने वाले ट्राली बैग, प्रेशर कुकर, स्टोव, कपड़ा व अन्य सामान की खूब बिक्री हुई। मौजूद मंजूर अहमद ने बताया कि लोगों ने ट्राली बैग और पुलिस कर्मियों ने 40 प्रतिशत की छूट वर्दी का कपड़ा खरीदा। ग्रीन सिटी नर्सरी स्टॉल पर तमाम तरह के पौधे रखे हुए थे लेकिन लोगों की पहली पसंद पुणे से मंगाया गया बैंबू रहा। दुकानदार हिम्मत सिंह ने बताया कि खासकर महिलाएं ऑफिस और घर में सजाने के लिए बैंबू का पौधा खूब खरीद रही हैं।
-