जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को हिजबुल मुजाहिद्दीन आतंकी संगठन के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि कश्मीर के तीन युवकों का एक संगठन पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में है।
संगठन के तीनों युवकों की पहचान गुटलीबाग निवासी अर्शिद अहमद खान, गांदरबल निवासी माजिद रसूल और मोहम्मद आसिफ नजर के रूप में की गई है। तीनों लोग पाकिस्तानी आतंकी फयाज खान के संपर्क में थे। वही उन्हें इलाके में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश देता था।
इस ऑपरेशन को गांदरबल पुलिस और 5 आरआर की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात अंजाम दिया था। गिरफ्तारी के बाद तीनों से पूछताछ की गई जिसमें उनकी निशानदेही पर तीन हैंड ग्रेनेड और तमाम इलेक्ट्रिक उपकरण बरामद किए गए।
उनके संगठन को पाकिस्तानी आका द्वारा आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों पर हमले के निर्देश दिए जाते थे। तीनों के खिलाफ गांदरबल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
गांदरबल एसएसपी खलील अहमद पोसवाल ने पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि घाटी के युवाओं को चिन्हित करके सीमा पार बैठे आतंकी अपने संगठनों में शामिल करने का प्रयास करते रहते हैं।
उनसे तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क किया जाता है और युवाओं के अभिभावक को इनसब की भनक तक नहीं लगती। उन्होंने कहा कि पुलिस इसके संबंध में गहन जांच-पड़ताल कर रही है, लेकिन अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे नजर रखें कि उनके बच्चे क्या कर रहे हैं और किन लोगों के संपर्क में हैं।