संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के सीमावर्ती गांव कुपड़ी, कलोया में संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पूरे इलाके को घेरकर गहन तलाशी ली गई।
सूत्रों के अनुसार, कुपड़ी गांव के एक गुज्जर परिवार ने संदिग्ध वस्तु देखी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला पुलिस और एसओजी की टीमें मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। यह अभियान दोपहर तक चला। पुलिस ने नदी-नालों सहित सभी संभावित स्थानों की तलाशी ली।
हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए ऐसे अभियान चलते हैं। इसका उद्देश्य लोगों में विश्वास कायम रखना भी है। पुलिस किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करती है। ताकि क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।