- नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी होगी सख्ती, उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
- दरबार मूव के दौरान जाम से निपटने के लिए बनेगी विशेष योजना, संवेदनशील मार्गों पर बढ़ेगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। दरबार मूव के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव और सर्दियों में घाटी से होने वाले पलायन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवंबर से फरवरी के अंत तक यातायात सुचारु रखने के लिए जाम वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष योजना बनाई जाएगी। साथ ही सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में आईजीपी ट्रैफिक जम्मू-कश्मीर एम. सुलेमान चौधरी ने सोमवार को ट्रैफिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जम्मू शहर के एसएसपी ट्रैफिक और डीएसपी को व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। सिधड़ा, बठिंडी, ग्रीन बेल्ट पार्क, जम्मू रेलवे स्टेशन, रेलवे चौक, नरवाल, कासिम नगर, कैनाल रोड, बाग-ए-बाहु, सतवारी और जानीपुर में विशेष ध्यान देने को कहा गया।
-
स्टंटबाजी और नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई
बैठक में स्टंटबाजी, नाबालिगों के वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, लापरवाही से ड्राइविंग और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का फैसला किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-
हाईवे पर काफिले की आवाजाही पर नजर
एसएसपी ट्रैफिक हाइवे रामबन को दरबार मूव के काफिले की आवाजाही सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। नाचनलाना से हिंगनी तक एकल मार्ग तथा देवाल और मोम पासी के हिस्सों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके लिए कश्मीर रेंज और जम्मू के ट्रैफिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।