कश्मीर में बाढ़ के कारण फंसे पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के नागरिक अब पुंछ-रावलाकोट मार्ग से लौटेंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (श्रीनगर) फिरदौस इकबाल के अनुसार विदेश मंत्रालय ने श्रीनगर-मुजफ्फराबाद मार्ग से कश्मीर पहुंचे पीओके नागरिकों की पुंछ के रास्ते वापसी को हरी झंडी दे दी है।
उन्होंने बताया कि कुल 60 पीओके नागरिक घाटी में आई बाढ़ में फंस गए थे। बाढ़ में फंसे पीओके नागरिकों के परमिट की अवधि भी बढ़ाई जा रही है। यह प्राकृतिक आपदा का मामला है और उसी के आधार पर इसे निपटाना होगा।
उल्लेखनीय है कि एलओसी के दोनों ओर रहने वाले कश्मीरियों में विश्वास निर्माण के उद्देश्य से अप्रैल 2005 में श्रीनगर-मुजफ्फराबाद और पुंछ-रावलाकोट के बीच कारवां-ए-अमन बस सेवा शुरू की गई थी।
सप्ताह में एक दिन (सोमवार) को चलने वाली बस सेवा बाढ़ के कारण एक सितंबर से बंद है।