सांबा/ विजयपुर। जम्मू को नशे का अड्डा बनाकर युवाओं को नशेड़ी बना कर उनका भविष्य बर्बाद करना चाहती है भाजपा। यह बातें पैंथर्स पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल ने रामगढ़ क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों में पखडी, केसों, पलौटा, अबताल, बक्खा चक आदि गांव में लोगों से मुलाकात के दौरान कही।
जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों ने कुंडल को बताया कि वह पछता रहे हैं कि 2014 में भाजपा के चुनावी वादों में आकर उन्होंने भाजपा को इस भरोसे से वोट दिया था कि उनके बच्चों को रोजगार मिलेंगे। महंगाई की मार कम होगी, लेकिन नौकरी देना तो दूर भाजपा ने 2019 के पहले से सारे फॉर्म ही रद्द कर दिए। अब हमारे बच्चे कहां जाएंगे। रोजगार के नाम पर बच्चों को पुलिस से मराया जा रहा। किसानों ने बताया कि कई परिवार एक ही कमरे में रहते हैं, जबकि उन्हें बिजली का बिल 4000 के करीब आ रहा है। कोई भी हमारी सुनने को तैयार नहीं।
कुंडल ने लोगों से अपील की कि मोदी सरकार और उनके नेताओं के पास जूठे चुनावी वादों के अलावा कुछ नहीं है। भाजपा जम्मू को बराबर का हक दिलाने की बात करती है, अगर भाजपा ने कहीं जम्मू को हक दिया है या जम्मू को कश्मीर से ज्यादा हक दिया है तो वह शराब की दुकानें हैं।