सांबा। जिले में पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोर का झटका धीरे से दिया है। पैंथर्स पार्टी पर परिवारवाद का आरोप भी लगाया है। इसको लेकर रविवार को पैंथर्स कार्यकर्ताओं की ओर से कस्बे के रेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता कर पैंथर्स पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।
प्रेसवार्ता की अगुवाई जिला प्रधान कर रहे थे। उन्होंने पार्टी के आलाकमान पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में परिवारवाद है, जिसने इसका विरोध किया उसे पार्टी से बाहर कर दिया गया और पार्टी नेताओं में सहन शक्ति की कमी है। उन्होंने कहा कि पार्टियां ऐसे नहीं चलाई जातीं, इसमें कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना पड़ता है। कार्यकर्ता हैं तो पार्टी की नींव पक्की होती है, अगर पार्टी के आलाकमान कार्यकर्ता को ही दरकिनार करेंगे तो पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाता है।
राजेश्वर सिंह ने बताया कि पार्टी में कार्यकर्ताओं का आदर नहीं है, जिसके चलते सांबा के सभी पदाधिकारियों ने पार्टी को छोड़ दिया है। इनमें जिला प्रधान राजेश्वर सिंह सहित उपप्रधान नरेश कुमार, युवा प्रधान मोहिंदर सिंह, यूनियन प्रधान विश्व सिंह, मनोज कुमार महासचिव, ब्लॉक प्रधान अरुण खजूरिया, सुदर्शन, शशी शर्मा, सिकंदर, मंगल, प्रलाद आदि ने पैंथर्स पार्टी को अलविदा करने की घोषणा कर दी।