सांबा। पैंथर्स पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से टैक्स दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है, जिसका सीधा असर लोगों पर पड़ रहा है। यहां तक कि बड़े ट्रांसपोर्टर भी टैक्स की मार से नहीं बच पाए हैं। कभी गाड़ियों की जिंदगी खत्म हो जाती है तो कभी भाजपा सरकार बीमा को महंगा कर अपना खजाना भर रही है।
भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आकर मोदी के समर्थक और सांबा जिले के बड़े ट्रांसपोर्टर बलविंदर सिंह अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल की मौजूदगी में पैंथर्स पार्टी में शामिल हो गए। बलविंदर सिंह ने कहा कि महंगाई का ऐसा दौर उन्होंने आज तक कभी नहीं देखा। मोदी सरकार ने टैक्स इतना बढ़ा दिया है कि अब ट्रक चलाना मुश्किल हो रहा है। डीजल के दाम बढ़े हैं, बचत तो दूर। पूर्व मंत्री कुंडल ने कहा कि जम्मू में रिलायंस स्टोर खोलकर यह साबित हो गया है कि अंबानी सरकार चला रहे हैं, भाजपा जम्मू से छोटे व्यापारियों को खत्म कर अपने दोस्त अंबानी को कारोबार सौंपना चाहती है। पैंथर्स पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। कुंडल ने कहा कि हम व्यापार मंडल के 22 सितंबर के बंद का भी समर्थन करते हैं। अगर फिर भी केंद्र ने रिलायंस स्टोर को खुलने से नहीं रोका तो पार्टी छोटे व्यापारियों के समर्थन में सड़कों पर उतरेगी। कुंडल ने कहा कि व्यापार मंडल ने 370 हटने का स्वागत किया था, लेकिन भाजपा ने उनकी पीठ में खंजर घोंपा है।