आम आदमी पार्टी के प्रधान अल्ताफ बुखारी घराना वेटलैंड में प्रवासी पक्षियों का तलाव देखते हुए
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी ने शुक्रवार को सीमावर्ती गांव घराना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों को विश्वास दिलाया कि उनकी पार्टी उनके साथ है। उनके साथ किसी तरह की नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी।
घराना के सरपंच सरदार गुरुदयाल सिंह ने अपनी पार्टी के नेताओं के समक्ष गांव के किसानों की समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। सरपंच ने कहा कि घराना वेटलैंड के विस्तार हेतु सरकार ने जबरदस्ती किसानों की जमीन ली है। प्रशासन की तरफ से किसानों की कोई राय लिए बिना तारबंदी कर दी गई। गांव के किसान चाहते हैं कि जिन किसानों की भूमि वेटलैंड विस्तार में आई है, उनको जमीन के बदले जमीन मिलनी चाहिए। ताकि किसान खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण कर सकें। उन्होंने कहा कि किसानों की छठी पीढ़ी के लोग हैं और कृषि योग्य जमीन पर मालिकाना हक होने पर अनदेखी की गई है। प्रवासी पक्षी कई वर्ष से घराना वेटलेंड आ रहे हैं। किसानों द्वारा खेत में लगाई फसल खाने पर वेटलैंड और सरकार की ओर से किसानों को राहत राशि मुहैया नहीं कराई गई। अब किसानों की अनदेखी की जा रही है।
अल्ताफ बुखारी ने किसानों को विश्वास दिलाया कि उनके साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जल्द ही इस मुद्दे को लेकर उपराज्यपाल से मिलकर पक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष भी करना पड़ता है तो उनकी पार्टी पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर पार्टी के प्रांतीय प्रधान सरदार मंजीत सिंह, तरणजीत सिंह टोनी, उपप्रधान गुलाम अहमद मीर, महासचिव विक्रम मल्होत्रा, महिला इकाई प्रधान नम्रता शर्मा मौजूद रहीं।