जापान में लापता युवक की तलाश करने की मांग
शिव सेना बाला साहब ठाकरे के कार्यकर्ताओं ने परिजनों से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। शिवसेना बाला साहब ठाकरे ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और भारत सरकार से मांग की है कि वर्ष 2019 में गांव ढिंडे कलां से जापान गया दीपक नाम का युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसकी तलाश कराई जाई, उसके परिजन अपने बेटे के लिए काफी चिंतित हैं।
शिव सेना बाला साहब ठाकरे के प्रधान मनीष साहनी ने सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ आरएस पुरा का दौरा किया और गांव ढिंडे कलां में युवक के परिजनों से मुलाकात की। उनके दुख पर चिंता व्यक्त की। उन्हें विश्वास दिलाते हुए कहा कि शिव सेना दुख की इस घड़ी में उनके साथ है। इस संबंध में तब तक संघर्ष रहेगा, जब तक युवक की तलाश पूरी नहीं हो जाती है। उल्लेखनीय है कि 24 वर्षीय दीपक एक माह पूर्व जापान में दोस्तों के साथ समुद्र में नहाते समय लापता हो गया। वह दो बहनों का इकलौता भाई है। दो साल पहले वह नौकरी की तलाश में जापान गया था। वहां एक इलेट्रॉनिक कंपनी में कार्यरत था। उधर जापान एंबेसी ने भी परिवार के सदस्यों को फोन पर बताया कि दीपक की तलाश के लिए अभियान चलाया गया, उसका कोई पता नहीं चला। पिता देशराज और माता राज कुमारी तथा बहन सुशीला ने सरकार से अपील की कि लापता दीपक की जल्द से जल्द तलाश की जाए। इस मौके पर शिवसेना के ब्लाक प्रधान बलबीर सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे।