जम्मू। अथक, निर्णायक, मजबूत और दूरदर्शी राष्ट्रीय नेतृत्व के कारण जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर काबू पाया जा सका है। आतंकवाद अंतिम चरण में है। सुरक्षाबल और पुलिस आतंकियों को कड़ा जवाब दे रहे हैं। यह बातें भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा ने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के बरन में मंगलवार को तीन जम्मू-कश्मीर राइफल्स के लांस नायक शहीद रंजीत सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा जीरो टालरेंस नीति को अपनाया जा रहा है। इससे लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा हुई है। आतंकवादियों को जान बचाने के लिए भागने पर मजबूर कर दिया है। आतंकवाद पूरे समाज के लिए एक बड़ा खतरा है। देश के बहादुर जवान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए सीमाओं पर चट्टान की तरह खड़े हैं। प्राकृतिक आपदाओं सहित अन्य चुनौतियों का सुरक्षाबल बेहतर ढंग से सामना कर रहे हैं। शहीद रंजीत सिंह की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दौरान बीडीसी भलवाल कुलदीप राज भगत, जिलाध्यक्ष ग्रामीण राजेंद्र सिंह चिब, अशोक केरनी, बाबू राम भगत, बाबा चंचल सिंह, राजन सिंह हैप्पी, देवराज शास्त्री और सुरिंदर सिंह गिल्ली आदि मौजूद रहे।