अखनूर। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक में प्रदेश के मुद्दों पर विचार विमर्श करने पर क्षेत्र के लोगों ने केंद्र सरकार के पहल का स्वागत किया है। आग्रह किया है कि राज्य को दर्जा सहित चुनाव कराए जाएं और लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
अखनूर म्यूनिसिपल कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और पार्षद दीपेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल से प्रदेश में नई रूपरेखा के बदलाव से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। इसमें चुनाव और जम्मू के लोगों से भेदभाव पर अंकुश लगाना है।इस बैठक के बाद विकास कार्यों में प्रगति मिलेगी। बैठक म्रें प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना सहित अन्य नेताओं ने जम्मू के लोगों के हक की बात की है।
समाजसेवी पंडित मोहन लाल ने बताया कि सभी राजनीतिक दल के नेताओं से बैठक में क्षेत्र के लोगों की बात सुनने में केंद्र सरकार ने पहल की है। खासतौर जम्मू के लोगों की उपेक्षा और रोजगार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समाधान करना होगा। राज्य में अनुच्छेद 370 खत्म करने पर सबसे ज्यादा नुकसान जम्मू के लोगों को हुआ है।
सरपंच अश्वनी शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देे। जम्मू के युवाओं के लिए रोजगार के लिए पैकेज की घोषणा के साथ क्षेत्र में विकास कार्य की प्रगति दी जाए। दुकानदार रंजीत गुप्ता ने बताया कि जम्मू क्षेत्र में भी रोजगार के नए साधन की रूपरेखा के लिए घोषणा करनी चाहिए और राज्य का दर्जा मिलना चाहिए।