भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रो. विरेंद्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित रियासत के लिए अब तक सबसे बड़े 80068 करोड़ के पैकेज का स्वागत करते कहा कि जम्मू के लिए आईआईटी, आईआईएम, एम्स और स्मार्ट सिटी तक के लिए राशि आवंटित होने से यह मुद्दे भी सुलझा दिए गए हैं।
भाजपा प्रवक्ता का कहना है कि पैकेज से रियासत में विकास का नया आयाम स्थापित होगा। यह पहली बार हुआ है कि रियासत के सभी क्षेत्रों की आकांक्षाओं का पैकेज में पूरा ख्याल रखा गया है।
उनका कहना है कि पैकेज में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को भी बढ़ावा देने के लिए पूरी मदद दी गई है। जम्मू में आईआईटी और आईआईएम स्थापित होगा, जबकि कश्मीर के श्रीनगर में एनआईटी को स्थापित किया जाएगा।
जम्मू और लद्दाख में सड़कों को विकसित करने के लिए पैकेज में पूरा ध्यान दिया गया है। उन्होंने पीओके और छंब रिफ्यूजियों के लिए पैकेज की मंजूरी को भी सराहनीय कदम बताया है। हालांकि, उन्होंने रिफ्यूजियों के पैकेज को बढ़ाने की जरूरत भी दर्शाई है।