प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले माह 15 अगस्त के बाद प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वह जम्मू में एम्स के निर्माण की आधारशिला रखने के अलावा जम्मू अखनूर फोर लेन सड़क, उज्ज और अखनूर में पुल निर्माण परियोजना का नींव पत्थर भी रखेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा का नेतृत्व चाहता है कि प्रधानमंत्री मोदी अगले माह प्रदेश का दौरा करें ताकि प्रदेश में भाजपा के लिए लोकसभा चुनाव लायक माहौल पैदा हो सकें। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जम्मू संभाग में बड़ी विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखवाने की तैयारी की जा रही है।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान जम्मू संभाग के विजयपुर में प्रस्तावित एम्स प्रोजेक्ट की आधारशिला रखने के अलावा जम्मू-अखनूर फोर लेन सड़क निर्माण, उज्ज और अखनूर में पुल निर्माण परियोजना का नींव पत्थर भी रखेंगे।
इसके अलावा सीमांत इलाकों के लोगों, पीओजेके, पश्चिम पाक रिफ्यूजियों के हालात का जायजा संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर लेंगे। इसमें पुनर्वास पैकेज से लेकर इस वर्ग के लिए कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से मिले रहे लाभ का जायजा लेंगे।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना से इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने माना कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले माह 15 अगस्त के बाद जम्मू का दौरा कर सकते है।