शनिवार को पीरपंजाल की घाटी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को संकेतों में चेतावनी दी। जम्हूरियत के जोश को सलाम कर अलगाववादियों पर करारी चोट की और मुस्लिम वोट बैंक को रिझाया। मोदी अपने चिरपरिचित अंदाज में दिखे और अवाम से सीधा संवाद कायम कर अपनी हर बात पर लगातार मुहर लगवाते रहे। उन्होंने बार्डर के लोगों की बहादुरी की चर्चा कर उनकी नब्ज को भी सहलाया।
लैंड आफ किंग्स के नाम से मशहूर राजोरी में भाजपा के जनाधार विस्तार के लिए मोदी ने सबका साथ, सबका विकास के अपने स्थापित नारे का सहारा लिया। मोदी मंच पर गुज्जर नेताओं से मिले और मुस्लिम नेताओं के साथ गुफ्तगू की।
भाजपा के अन्य नेताओं और प्रत्याशियों से गुलदस्ते स्वीकारते मोदी जल्दी में दिखे, लेकिन, जब किसी मुस्लिम नेता ने बुके दिया तो उनसे हालचाल पूछा और देर तक हाथ मिलाते-बात करते नजर आए। राजोरी इलाके की चार विधानसभा सीटों पर मुस्लिम आबादी अच्छी खासी है।
लिहाजा, मोदी ने इस वोट बैंक को रिझाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। मोदी की रैली में गुज्जर समुदाय के लोग अपने अपने पारंपरिक लिबास में अगली पंक्ति में दिखे। मोदी ने देर तक हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।