ज्यौड़ियां। खौड़ और ज्यौड़ियां क्षेत्र में सरकारी भूमि का विस्तार करने तथा खड्डों, नालों और चिनाब के किनारों को कटाव से बचाने के लिए वन विभाग पौधरोपण करेगा। इसके तहत वीरवार को अखनूर, खौड़ तथा ज्यौड़ियां क्षेत्र के आयुक्त सचिव वन विभाग संजीव वर्मा ने दौरा किया। उन्होंने अखनूर के वन विभाग की चेक पोस्ट पर तैनात विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने और पोस्ट पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने वन विभाग की मुट्ठी मैरा नर्सरी का भी दौरा किया। इस मौके पर खौड़ के सरकारी मिडिल स्कूल चक्क मलाल में पौधरोपण भी किया। इस मौके पर एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर, तहसीलदार खौड़ मोनिका शर्मा, वन विभाग के रेंजर पवन कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे। उन्होंने खौड़ ब्लाक के गांव दनवाल के नजदीक बंजर सरकारी भूमि का निरीक्षण कर विस्तार करने के लिए पौधे लगाने के निर्देश दिए।
एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर से भूमि की निशानदेही करवाने तथा क्षेत्र को हराभरा बनाने के लिए वन विभाग का सहयोग करने के लिए कहा। आयुक्त वन विभाग संजीव वर्मा ने चिनाब दरिया के किनारों को कटाव से रोकने के लिए पौधरोपण करने की भी बात कही। क्षेत्र की खड्ड, नालों के किनारों भी पौधरोपण करने पर जोर दिया। वन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए लोगों को भी जागरूक करें। इस मौके पर डीडीसी भलवाल ब्राह्मणा भूषण बराल भी उपस्थित रहे।