जम्मू। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को सतत विकास के लक्ष्य के साथ विकसित किया जा रहा है। पर्यटन की संभावना वाले स्थलों का विकास किया जा रहा है। सरकार सामाजिक-आर्थिक विकास की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए आजीविका के मौके, दक्षता निर्माण और युवा उद्यमियों को सहायता प्रदान कर रही है।
सोमवार को राजभवन में पूर्व उप मुख्यमंत्री मुजफ्फर हुसैन के साथ बारामुला की डीडीसी चेयरमैन सफीना बेग ने उनसे मुलाकात कर विकास तथा जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। कहा कि सरकार सभी क्षेत्र के समान विकास के लिए कई मोर्चे पर काम कर रही है। उप राज्यपाल ने जनता के कल्याण से जुड़े कार्यों को जारी रखने की अपील की। कला, संस्कृति व भाषा अकादमी के पूर्व सचिव डा. अजीज हाजिनी ने नई शिक्षा नीति में कश्मीर व डोगरी भाषा का समावेश करने, कला-संस्कृति व भाषा अकादमी को पुनर्जीवित करने, कलाकारों व लेखकों के लिए सहायता राशि जारी करने, क्षेत्रीय चैनल के जरिये स्थानीय भाषाओं के बढ़ावा का मुद्दा उठाया।
नेशनलिस्ट पीपुल्स फ्रंट के अध्यक्ष शेख मुजफ्फर, जेके सीमेंट के पूर्व अध्यक्ष नजीर अहमद इट्टू ने भी मुलाकात की। इट्टू ने युशमर्ग को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने तथा इलाके में कनेक्टिविटी व संचार सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। युवा उद्यमी वकील खालिद ने कारोबारी समुदाय खासकर युवा उद्यमियों से जुड़े मुद्दों को उठाया।