पीएचई विभाग के डेलीवेजरों ने महा अधिकार रैली में शक्ति प्रर्दशन के बाद अब सरकार को चेतावनी दी है कि अगर विधानसभा सत्र के दौरान उनके मसले पर चर्चा न हुई तो रियासत के प्रवेश द्वार लखनपुर नेशनल हाईवे पर परिवार सहित प्रदर्शन कर बंद कर दिया जाएगा। इसी बीच डेलीवेजरों की काम छोड़ हड़ताल शनिवार को 25वें दिन भी जारी रही।
आल जेएंडके पीएचई, आईटीआई ट्रेंड एंड सीपी वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले डेलीवेजरों ने बीसी रोड स्थित पीएचई चीफ इंजीनियर कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन जारी रखा। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रधान तनवीर हुसेन ने कहा कि महा अधिकार रैली में हजारों पीएचई डेलीवेजरों ने शामिल होकर अपनी एकजुटता और दर्द का परिचय दिया है।
सरकार की आंखें अगर फिर भी न खुली और डेलीवेजरों को नियमित करने के लिए पालिसी निर्धारित न हुई तो आर-पार का आंदोलन होगा। विधानसभा सत्र में सरकार को इस मुद्दे की हल की तरफ ठोस कदम बढ़ाने चाहिए। अगर सत्र के दौरान ऐसा न हुआ तो फिर डेलीवेजर परिवार सहित लखनपुर में नेशनल हाईवे जाम कर देंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार डेलीवेजरों के भविष्य के लिए गंभीर नहीं है। विभाग में कार्यरत हजारों डेलीवेजर ओवरएज हो चुके हैं। वर्ष 1994 के बाद से डेलीवेजरों को नियमित करने पर कुछ नहीं किया गया है।
उन्हें स्थायी करने के लिए कोई नीति पर अमल में नहीं लाई गई हैं केवल झूठे आश्वासन ही दिए जाते रहे है। अन्याय के खिलाफ अब आवाज को बुलंद कर दिया गया है। रैली में दीपक गुप्ता, सुभाष चंद्र, कुलभूषण सिंह आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए।