शराब के अवैध कारोबार पर रविवार को जन जागृति मंच के बैनर तले युवाओं ने प्रशासन का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया।
कठुआ चन्नग्रां सड़क के बीचो-बीच एकत्रित शहर से सटे चक देसा सिंह गांव के ग्रामीणों ने गांव की दुकानों में धड़ल्ले से अवैध शराब के कारोबार का आरोप लगाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब के सप्लायर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन खड़ा कर देंगे। वहीं प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने पहुंचे पुलिस अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल सुरेश कुमार, संजय कुमार, निर्मला देवी, साहिल, अरुण, विमला देवी, ज्योति और गुलशन ने कहा कि गांव में खुलेआम अवैध शराब का धंधा चल रहा है।
प्रशासन से इस बारे में कई बार शिकायत की गई, लेकिन इस मामले में न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही इस धंधे में लगे लोगों को गिरफ्तार ही किया गया। नतीजतन गांव की कई दुकानों में शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शराब का कारोबार बच्चों और महिलाओं के लिए मुसीबत बन गया है। अब तो युवा पीढ़ी शराब के नशे की चपेट में आ रही है, लेकिन इस सबके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। यही वजह है कि लोगों को अवैध शराब के खिलाफ सड़क पर उतरना पड़ रहा है।