पिछले चार दिनों से बिजली समस्या से जूझ रहे वार्ड चार के लोगों के गुस्से का बांध वीरवार की देर शाम टूट गया।
लोगों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर कालेज मार्ग जाम कर दिया। लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि पिछले चार दिनों से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
लेकिन विभाग समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है। उनका नया साल का पहला दिन भी बिना बिजली के ही गुजरा।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे नरेंद्र खजूरिया ने कहा कि पिछले चार दिनों में दो ट्रांसफार्मर जल गए हैं, लेकिन विभाग समस्या का समाधान नहीं कर पाया है।
उन्होंने कहा कि पहले जब ट्रांस्फार्मर जला तो विभाग को शिकायत की गई। विभाग ने दो दिन के बाद ट्रांसफार्मर लगाया, लेकिन वह केवल एक घंटा ही चला और वह भी जल गया।
इसके बाद विभाग को फिर कहा गया तो विभाग ने ओवरलोड का बहाना बनाकर बात टाल दी। प्रदर्शनकारियों में शामिल विना देवी ने कहा कि पिछले चार दिनों से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन विभाग को इस बात की कोई फिक्र नहीं है।
मौके पर आए थाना प्रभारी ने लोगों को शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने विभागीय को मौके पर बुलाने की जिद पकड़ ली।
इसके बाद मौके पर विभागीय अधिकारी की बात लोगों से एएसपी नजीर अहमद ने करवाई, जिसके बाद लोगों ने जाम खोला और शुक्रवार शाम तक समस्या का समाधान करने की चेतावनी भी दी।