रियासी में बारादरी स्थित श्मशानघाट में पंजाब के मोगा निवासी व्यक्ति का अंतिम संस्कार करते स्था
- परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए मृतक के अंतिम दर्शन करवाए
रियासी। स्थानीय लोगों व सामाजिक संस्थाओं ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए पंजाब के एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार करवाया। युवाओं व श्री सनातन धर्म सभा के सदस्यों ने पुलिस के साथ मिलकर बारादरी स्थित मुक्तिधाम श्मशानघाट में पंजाब के मोगा के फतेहगढ़ पंजतूर निवासी दीदार सिंह की पार्थिव देह को अग्नि दी।
बता दें कि तीन दिन पहले पुलिस को कटड़ा मार्ग पर अंजी पुल के नीचे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। उसे जिला अस्पताल में लाया गया जहां सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आधार कार्ड से उसकी पहचान दीदार सिंह निवासी मोगा के रूप में हुई। व्यक्ति के मोबाइल फोन में मिले नंबरों से संपर्क कर उसके बारे में पता किया गया। मृतक के माता-पिता व भाई ने बताया कि बीते कई वर्षों से दीदार सिंह घर नहीं आया। कभी-कभार फोन पर बात होती थी। वह कूड़ा बीनने का काम करता था। परिवार के सदस्यों का कहना था कि उनके घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के कारण वह शव ले जाने में असमर्थ हैं। उन्होंने उसका अंतिम संस्कार रियासी में ही करने को कहा।
संस्कार के समय एसएचओ रंजीत सिंह राव, सनातन धर्म सभा के प्रधान बृज मोहन शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता नितिन नित, वीरू शर्मा,राजस्व विभाग के नायाब तहसीलदार व अन्य लोग मौजूद रहे। ज्योतिपुरम गुरुद्वारा से पाठी रनवीर सिंह को बुलाकर मौके पर अरदास करवाई गई। मृतक के परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए अंतिम दर्शन करवाए गए और संस्कार दिखाया गया। संवाद