-प्रदेश के अस्पतालों को सतर्क रहने को कहा, कोविड के बाद से पहले से ही अधिकांश चिकित्सा केंद्रों में आइसोलेशन प्रबंध का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। देश में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) के कुछ मामले मिलने से जम्मू-कश्मीर के अस्पतालों में सतर्कता बरतने को कहा गया है। लेकिन अभी घबराने की जरूरत नहीं है। कोविड प्रबंधन से गुजर चुके चिकित्सा केंद्रों अपने स्तर पर तैयारी करने को कहा गया है। मगर अभी कोई औपचारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।
जीएमसी जम्मू सहित अन्य मेडिकल और जिला अस्पतालों में पहले से आपात स्थिति से निपटने के लिए आइसोलेशन वार्डों की व्यवस्था है। जीएमसी जम्मू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमें फिलहाल नए संक्रमण से संबंधित कोई दिशानिर्देश नहीं दिए गए हैं। लेकिन हम पहले से ही अपने स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। यह सामान्य तौर पर इंफ्ल्यूजा की तरह है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी स्पष्ट कर चुके हैं यह वायरस कोई नया वायरस नहीं है। इसकी पहचान सबसे पहले 2001 में हुई थी और कई वर्षों से विश्वभर में फैल रहा है।
यह वायरस हवा के माध्यम से सांस लेते हुए दूसरे व्यक्ति में फैलता है। ये सभी आयु वर्ग के लोगों में संक्रमण फैलने का कारण बनता है। यह विशेषरूप से सर्दी और बसंत के मौसम में सक्रिय रहता है। एचएमपीवी के नए मामले मिलने के बाद चीन सहित अन्य देशों के यात्रियों पर नजर रखी जा रही है। हमारे चिकित्सा केंद्र किसी भी चिकित्सा चुनौती से निपटने में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार हैं। अभी चिंता का कोई कारण नहीं है। इसमें सामान्य फ्लू की तरह लक्षण हैं।