रियासी। संक्रमण का ग्राफ बढ़ने के कारण कोरोना कर्फ्यू में पुलिस और सुरक्षाबलों की सख्ती जारी है। वीरवार को पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद ही नगर के मुख्य बाजारों मेें लोगों को खरीदारी के लिए जाने की अनुमति दी। शुक्रवार को किराना और स्वर्णकारों की दुकानें खोली जाएंगी।
वीरवार को सिर्फ डेयरी, फल-सब्जी की दुकानें ही खोली गईं। जरूरी सामान को खरीदने के लिए लोग घरों से बाहर निकले। इस दौरान पुलिस ने मुख्य बस अड्डे पर आने वाले सभी वाहनों को रोक कर चालकों से पूछताछ की। ई-पास के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई। बिना ई-पास के बस अड्डे पर आए हुए लोगों को अपने वाहन अड्डे में ही लगा कर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद लोगों ने पैदल ही बाजार पहुंच कर खरीदारी की। पुलिस ने नई बस्ती, कॉलेज रोड, कालिका नगर, थापा चौक, आईआरपी चौक और तरैंथा में नाके लगाए थे। दोपहर एक बजे बाजार में खुली दुकानों को बंद कर दिया गया। इसके बाद फिर से सन्नाटा पसर गया और पाबंदियां लागू हो गईं। शुक्रवार को किराना और स्वर्णकारों की दुकानें खोली जाएंगी।