राशन की समस्या विकराल होने पर चक देसा सिंह पंचायत के लोगों ने जिला सचिवालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में शामिल निर्मला देवी, शशिबाला, विमला देवी आदि ने बताया कि ग्रामीण पिछले पांच महीने से राशन की किल्लत से जूझ रहे हैं।
सरकार हर महीने राशन देने का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोगों के राशन कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में गरीबों को राशन नहीं मिल रहा और रसूखदार शहरी लोगों को विभाग आसानी से राशन उपलब्ध करवा रहा है।
उन्होंने कहा कि जितनी बार भी राशन डीलर के पास राशन मांगने जाते हैं, हर बार यही जबाव मिलता है कि राशन नहीं आया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि राशन पांच महीने से नहीं आ रहा है, तो सरकार को राशन डिपो को बंद कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपने हक का राशन वे हर हाल में लेकर रहेंगे और यदि जल्द ही राशन जारी नहीं किया
गया तो उग्र आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे।