राशन की किल्लत से गुस्साए लोगों ने उपभोक्ता मामले एवं जनवितरण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
वार्ड दस में एकत्रित लोगों ने विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरने की चेतावनी भी दी है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल माया देवी, सुदेश कुमार भंडारी, दर्शन कुमार, सुरिंदर गुप्ता, भोली देवी ने कहा कि राशन की आपूर्ति की व्यवस्था इस कदर चरमरा गई है कि लोगों को महीनों लगातार राशन नहीं मिल रहा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारी राशन की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही है, जबकि उपभोक्तों को राशन नहीं दिया जा रहा। लोगों ने सरकार से गरीबों को राशन न मिलने पाने की जांच करवाने की मांग की है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों दयालाचक के निकट राशन की कालाबाजारी करते हुए ट्रक पकड़ा गया था। इससे पूर्व भी कालाबाजारी के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन कालाबाजारी का सिलसिला लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि वह जब भी विभाग से राशन की मांग करने जाते हैं, तो उन्हें बहाने बनाकर टाल दिया जाता है। कठुआ शहर में होने के बावजूद भी आटा, चावल, चीनी जैसी बुनियादी वस्तुएं नहीं मिल रहीं। ऐसे में लोगाें को बाजार से महंगा राशन खरीदने को मजबूर होना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वे प्रदर्शन करेंगे।