जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (जेकेएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक अंग्रेज सिंह राणा ने काम में लापरवाही और बिना टिकट यात्रा करवाने पर निगम के तीन कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। एमडी ने चालक गुलाम मोहिउदीन को सेवामुक्त करने के साथ दो सहचालकों पर 1,70,553 रुपये जुर्माना लगाया है।
महाप्रबंधक (ऑपरेशन) जम्मू और कश्मीर की रिपोर्ट पर एमडी ने यह आदेश जारी किए। रिपोर्ट में निगम के राजस्व का दुरुपयोग करने पर दो सहचालक और एक सीबी चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई थी। एमडी ने अपने आदेश में दो सहचालकों पर 1,70,553 जुर्माना लगाया है। इसमें सहचालक मोहम्मद सलीम पर 1,61,035 रुपये और तारा चंद पर 9,518 जुर्माना लगाया है। जुर्माने की राशि इन कर्मचारियों के वेतन से किस्तों में वसूली जाएगी। एमडी अंग्रेज सिंह राणा ने कहा कि निगम में वित्तीय गड़बड़ी सहन नहीं की जाएगी।