पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू संभाग के पीडीपी कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय अधिवेशन और 20 और 21 मई 2023 को सनासर में होगा। इस अधिवेशन में पार्टी भविष्य की रणनीति भी तय करेगी।
पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पार्टी के संभागीय नेताओं व कार्यकर्ताओं को संसदीय चुनाव की तैयारी में जुट जाने के लिए कहा है। महबूबा ने कहा विधानसभा चुनाव प्रदेश में कब होंगे इसके बारे में कोई कह नहीं सकता। लेकिन संसदीय चुनाव अगले साल तय समय पर होंगे।
विज्ञापन
ऐसे में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाएं। पीडीपी के संभागीय मुख्यालय गांधीनगर में सोमवार को पार्टी नेताओं से बैठक में महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जनता को पेश आ रही समस्याओं को जोरदार ढंग से पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उठाए।
वहीं बैठक के बाद पत्रकारों के सवाल के जवाब में महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया है कि पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के पुलवामा हमले पर रहस्योद्घाटन से ध्यान भटकाने के लिए उत्तर प्रदेश में अतीक अहमद को मरवाया गया है।
विज्ञापन
महबूबा ने कहा कि अतीक अहमद कोई फरिश्ता नहीं था। उस पर कई आरोप थे। लेकिन पुलिस कस्टडी में उसे इस तरह से मारना जंगलराज है। अतीक अहमद ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी देकर अपनी जान को खतरा बताया था।
अफसोस की बात है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी उसकी बात नहीं सुनी। ऐसे में आदमी जाए तो कहां जाए। महबूबा ने कहा कि पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पुलवामा हमला जिसमें सुरक्षाबलों के 40 जवान शहीद हो गए थे, उस पर कई बड़े रहस्योद्घाटन किए हैं।
कहा है कि इस हमले की पूर्व जानकारी होने के बावजूद उन्हें खामोश रहने के लिए कहा गया। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि भाजपा के मुख्यमंत्री पैसा जमा करके अडानी को भेजते हैं।