संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। भाजपा नेता एवं जिला विकास परिषद के सदस्य भूषण बराल ने सोमवार को छंब विधानसभा की सीमावर्ती पंचायत बरडोह के गांव मन्ना में 5.10 करोड़ की लागत से जल जीवन मिशन के तहत बनने वाले ढगवैल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और भाजपा जिला अखनूर सह प्रभारी मनमोहन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डीडीसी भूषण बराल ने कहा कि लोगों की लंबित मांग को मद्देनजर रखते हुए इसके निर्माण कार्य को आज हम ने शुरू करवाया है। डीडीसी ने कहा कि इसका निर्माण कार्य पूरा होने पर लोगों को पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके अलावा डीडीसी ने कहा कि हर समस्या का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर जिला सह प्रभारी मन मोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की कई जन कल्याणकारी योजनाएं पूरे देश भर में चल रही हैं। इसमें जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल, नल से स्वच्छ जल पहुंचाया जाएगा। इस योजना से देश के सभी लोगों के घरों में जल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर डीडीसी भूषण बराल ने अधिकारियों को दिशानिर्देश देते हुए कहा कि पूरा ध्यान रखा जाए कि कोई भी घर नल के बिना न रहे। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप सिंह चौधरी, पलांवाला मंडल युवा मोर्चा प्रधान तिलक राज शर्मा, नायब सरपंच बरडोह तिलक राज और लोग उपस्थित रहे।