पीडीपी प्रत्याशी की गाड़ी पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोनावाड़ी विधानसभा क्षेत्र से पीडीपी प्रत्याशी यासिर रेशी के काफिले पर उस समय पत्थरों और लाठियों से वार किया गया, जब वह नवाबाड़ी मोहल्ला, अशम से होते हुए सफापुरा जा रहे थे, जहां उन्हें जनसभा को संबोधित करना था।
यासिर के अनुसार उनके काफिले पर हमला करने के पीछे नेशनल कांफ्रेंस प्रत्याशी की साजिश है। इस हमले में काफिले की तीन गाड़ियों को क्षति पहुंची है। यासिर द्वारा चुनाव अधिकारी के पास शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस मामले में हरकत में आई।
पुलिस अधिकारी के अनुसार अभी तक उन्होंने नेकां के दो कार्यकर्ता कमाल मीर और निका भाई को गिरफ्तार किया है, जबकि अयूब तीसरा आरोपी अभी फरार है। इनके खिलाफ आरपीसी की धारा 147, 148, 341 और 407 के अंतर्गत एफआईआर 25/2010 दर्ज की गई है।
जल्द तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा। गौरतलब है कि मिली जानकारी के अनुसार यासिर रेशी के सुरक्षा कर्मियों ने इस हमले के दौरान स्थानीय नागरिकों की जान की परवाह करते हुए काफी संयम बरता ताकि किसी को शती न पहुंचे।