मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के श्रीनगर स्थित आवास पर शनिवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र की रणनीति तय की गई। उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, पीडीपी-भाजपा मंत्रियों, विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों की मौजूदगी में पूरे धैर्य के साथ विपक्ष का एकजुट होकर मुकाबला करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता पर उठाने पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में मुफ्ती ने कहा कि देश में जम्मू-कश्मीर विधानसभा काफी ताकतवर लोकतांत्रिक संस्था है। उम्मीद है कि शनिवार से शुरू हो रहे सत्र में दोनों गठबंधन पार्टनर जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता पर उठाएंगे। विश्वास जताया कि विपक्ष सकारात्मक रुख अख्तियार करेगा ताकि सत्र शांतिपूर्वक तथा सकुशल चल सके और सदन की कार्यवाही परिणामदायक साबित हो।
उप मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि गठबंधन के सहयोगी के नाते भाजपा सदन के सकुशल संचालन में अपना योगदान देगी। भाजपा जिम्मेदार पार्टी है और उसे लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का महत्व पता है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने विधायकों से परिपक्वता का परिचय देने का आह्वान किया। साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को कहा ताकि उसका भरपूर लाभ मिल सके।
उन्होंने दोनों गठबंधन पार्टनर की सकारात्मक भूमिका पर संतोष जताया जिसके तहत राज्य की जनता के कल्याण के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। इसके पूर्व हुई पीडीपी विधायक दल की बैठक में भी मुफ्ती तथा महबूबा उपस्थित रहीं।