जम्मू-कश्मीर की मेंढर तहसील में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। विभाग ने एक उपभोक्ता को करीब 10 करोड़ रुपये का बिल भेज दिया है। पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा हो रही है। वहीं इस बिल को देखकर उपभोक्ता हैरान है।
बिजली विभाग की तरफ से उपभोक्ता को 9 करोड़ 95 लाख 39 हजार और 792 रुपये का बिल भेजा गया है। इस बिल को लेकर उपभोक्ता के साथ-साथ अन्य लोग भी सकते में आ गए हैं। इतना बिल तो पूरे जिले के उपभोक्ताओं का भी नहीं बनता है।
इस बारे में उपभोक्ता मोहम्मद हनीफ पुत्र फिरोज ने बिल दिखाते हुए बताया कि यह बिल उसे बिजली विभाग के मेंढर डिवीजन की तरफ से भेजा गया है। जब उसने बिल की रकम को पढ़ने का प्रयास किया तो हैरान रह गया। जब उसने आस-पड़ोस के लोगों को बिल दिखाया तो वह भी हैरान रह गए।
उधर, एक सामान्य उपभोक्ता को इतना बिल भेजे जाने के बारे में जवाब देने के लिए विभाग का कोई अधिकारी नहीं मिला। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की तरफ से पहले भी लोगों को अधिक रकम के बिल भेजे जाते रहे हैं। परंतु इस बार तो विभाग की तरफ से गजब ही कर दिया गया। करोड़ों रुपए का बिल एक ही उपभोक्ता को भेजकर इस बात को स्पष्ट कर दिया गया है कि विभाग की तरफ से आम उपभोक्ताओं से हमेशा ही उनके द्वारा प्रयोग की गई बिजली के बदले में अधिक बिल भेजा जाता रहता है।
यह भी पढ़ें- कारगिल युद्धः जब विक्रम बत्रा से पाकिस्तानी घुसपैठिया बोला- हमें माधुरी दीक्षित दे दो, ऐसा मिला जवाब