अपनी भूमि का रिकार्ड बदले जाने का आरोप लगाते हुए मढ़ के लोगों ने रेवेन्यू विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर मदन लाल, बिमला देवी आदि का कहना था कि उनकी 52 कनाल भूमि को रेवेन्यू विभाग के पटवारी ने कुछ अर्सा पहले अन्य गांव में दर्शा कर किसी और के नाम कर दिया है।
इसकी शिकायत विभाग के उच्च अधिकारियों, मंडलायुक्त से लेकर जिला आयुक्त तक की गई, लेकिन आज तक किसी ने इंसाफ दिलाने की कोशिश नहीं की। मढ़ के सरपंच विजय शर्मा का कहना था कि पटवारी ने इन लोगों की भूमि को किसी अन्य के नाम करने के अलावा उसे अलग गांव में दिखा दिया है।
पटवारी की गलती का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कई वर्षों से लोग इंसाफ के इंतजार में हैं, लेकिन सियासी लोगों के प्रभाव में आकर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
पंच राजेंद्र कुमार (मोती) ने बताया कि कुछ अर्सा पहले बंदोबस्त में इन लोगों के नाम काट कर भूमि को रसूखदारों के नाम कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पटवारी की गलती की सजा लोग भुगत रहे हैं।