जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान पर मंगलवार शाम को हुए बीटिंग रीट्रीट समारोह में देशभक्ति का जज्बा दिखा। सुरक्षाबलों के बैंडों ने देशभक्ति की धुन पर कदम से कदम मिलाकर शानदार प्रदर्शन किया। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने गणतंत्र दिवस की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मार्च पास्ट के दस्तों के साथ बैंड और झांकियों को सम्मानित किया।
समारोह में सेना, बीएसएफ और जेएंडके पुलिस के पाइप ड्रम और ब्रास बैंड की प्रस्तुति दी गई। इसमें ब्रास बैंड में वीर सिपाही, विजय भारत, जय हो, सारे जहां से अच्छा और पाइप बैंड शो में इंडिया गेट, देशों का सरताज भारत, नौरंगी, द हंडर्ड पाइपर्स, लंडन बोनी बुड्स एंड ब्रीस आदि की धुनें सुनाई गईं।
राज्यपाल ने ब्रास बैंड पाइप्स और ड्रम दस्तों को सम्मानित किया। मार्च पास्ट में लार्ड शिवा डे बोर्डिंग स्कूल घो मन्हासा (गर्ल्स) और गवर्नमेंट एसआरएमएल हायर सेकेंडरी स्कूल जम्मू (ब्वॉयज), बेस्ट बैंड दस्ते में सैनिक स्कूल मानसबल (ब्वॉयज), सांस्कृतिक प्रस्तुति में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी और झांकी में पावर डेवलपमेंट विभाग की सौभाग्य को सम्मानित किया गया। सम्मान से साथ राष्ट्रीय ध्वज को उतारा गया। आखिर में आतिशबाजी से बीटिंग रीट्रीट समारोह को संपन्न किया गया।