जीएमसी की इमरजेंसी में शनिवार शाम को एक बुजुर्ग मरीज की मौत पर परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि मरीज को चिकित्सा देने में लेटलतीफी की गई। ग्लूकोज में गलत इंजेक्शन लगा देने पर उनकी रिएक्शन से मौत हो गई। डाक्टरों ने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए मरीज की फाइल ही गायब कर दी।
हंगामे को देखते हुए भारी पुलिस बल भी बुला लिया गया था। परिवार वालों ने मामले की लिखित शिकायत अस्पताल प्रशासन से की है। भोपर (ज्यौड़ियां) निवासी बुद्धि सिंह (86) को पीलिया की शिकायत होने पर शनिवार दोपहर को जीएमसी की इमरजेंसी में भर्ती किया गया।
मरीज के साथ आए संदीप सिंह ने बताया कि उनके मरीज की हालत गंभीर थी, लेकिन बार-बार डाक्टरों से आग्रह करने पर भी उन्हें इलाज देने में गंभीरता नहीं दिखाई गई। डाक्टर ब्लड सहित अन्य जांच करवाने की बात कहते रहे, जिसके बाद मरीज को ग्लूकोज चढ़ाया गया।
इस बीच ग्लूकोज में डाक्टर के कहने पर एक इंजेक्शन लगाते ही मरीज को जबरदस्त रिएक्शन हो गया, लेकिन मरीज को देखने वाला डाक्टर ही इमरजेंसी से गायब था।