डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : Amar Ujala
येरूशलम को इस्राइल की राजधानी घोषित करने पर रविवार को पीएमओ राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राज्य की विभिन्न पार्टियों पर निशाना साधा। उन्होंने बिना किसी पार्टी का नाम लेते हुए कहा कि जिस राज्य में एक ही परिवार के तीन-तीन मुख्यमंत्री हों और विदेश मंत्री भी रह चुके हों, वह आज येरुशलम के मुद्दे पर अलगाववादियों का समर्थन कर रहे हैं।
वह सकताचक में ओएसके रोड के विस्तारीकरण के काम को शुरू करवाने के लिए पहुंचे थे और एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में तथाकथित मुख्यधारा की पार्टियां ही लोगों को गुमराह करने में लगी हुई हैं। यह कभी भी एक मत के साथ नहीं चलती हैं।
जब सरकार में होती हैं तो राज्य को देश का अटूट अंग कहती हैं और जब विपक्ष में होती हैं तो राज्य के देश के साथ विलय पर ही सवाल खड़े कर देते हैं। अब यह पार्टियां येरूशलम के राजधानी बनने पर विरोध का समर्थन कर रहे हैं। पहले यह बताएं कि क्या इन्होंने उसे राजधानी बनाना है। आज यह अलगाववादियों का साथ दे रहे हैं। इनका अपना कोई एक स्टैंड नहीं है।
कांग्रेस के लिए अब ईवीएम खराब ही रहेंगी
कांग्रेस द्वारा ईवीएम खराब होने के बयानों पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब कई सालों तक ईवीएम खराब ही रहेंगी। क्योंकि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को एक ऐसी व्यवस्था मिली है जो सरकार नहीं देश चलाना चाहती है। वह वोट की नहीं सुविधाओं की राजनीति करते हैं उनके शासन काल में लोगों को सुविधाएं मिलें इसके लिए काम होगा।