रियासी। रियासी के गुज्जर कोठिया से चिनाब में बह रहा टैंकर का एक हिस्सा बरामद हुआ है। अभी इसकी पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि रामबन इलाके में सड़क हादसे के बाद टैंकर नदी में गिरा होगा। फिलहाल इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
जानकारी के अनुसार ध्यानगढ़ क्षेत्र में रविवार दोपहर को चिनाब में तेल के एक टैंकर का पिछला हिस्सा तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना डैमटाप पर भी दी गई। मौके पर मोटर बोट के जरिये टैंकर तक पहुंचने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण टैंकर डैम की तरफ निकल गया और बाद में डैम के खुले हुए गेट से निकल कर नीचे गिर गया। इसके बाद टैंकर का हिस्सा गुज्जर कोठिया क्षेत्र में आ कर रूक गया। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उक्त टैंकर रामबन में हुई किसी दुर्घटना को होगा, जोकि दरिया के पानी के तेज बहाव के बाद रियासी तक पहुंच गया। टैंकर का इंजन और अन्य हिस्सा बरामद नहीं हुआ है।