19 नवंबर को एलजी मनोज सिन्हा के दौरे की तैयारियां तेज
जल जीवन मिशन परियोजना, सड़क निर्माण और बिजली सेवा की समस्याओं पर दिया जोर
पुरमंडल। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के 19 नवंबर के प्रस्तावित पुरमंडल दौरे को ध्यान में रखते हुए डीसी आयुषी सूदन ने पुरमंडल क्षेत्र का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान डीसी ने प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद हासिल किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। स्थानीय लोगों ने डीसी को अवगत कराया कि जल जीवन मिशन की रुकी हुई परियोजना के कारण पहाड़ी गांवों राजुल, पाडल, तलेड, दियोन, क्यूली व मंडल में पेयजल संकट गहरा गया है। उन्होंने प्रोजेक्ट को तत्काल शुरू करने की मांग की है।
लोगों ने कहा कि पुरमंडल-पाडल सड़क निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते अधर में है। इससे हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। इस पर डीसी आयुषी सूदन ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। पिछले दो महीनों से बंद प्राचीन मंदिर को दी स्पेशल इलेक्ट्रिक लाइन को तुरंत शुरू किए जाने के निर्देश दिए। डीसी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि दो तीन दिनों में किसी भी हालत में लाइन दोबारा संचालित की जाए। इस मौके पर तीर्थ सेवा न्यास के प्रमुख सुरेश चंद्र गुप्ता, महेश्वर प्रसाद, गोविंद राम शर्मा, जिला विकास परिषद सदस्य अवतार सिंह, मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट के पदाधिकारी अमर चंद शर्मा, मुख्य पुजारी राजिंदर शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।