परगवाल के ग्रामीणों ने विभाग से बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई
परगवाल। राज्य सड़क परिवहन निगम की एकमात्र बस सेवा पिछले 20 दिनों से बंद है। सेवा बंद होने से सीमा क्षेत्र परगवाल के ग्रामीणों ने विभाग से नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र से सीधे जम्मू के लिए चलने वाली बस सेवा उनके लिए एक बड़ी सुविधा थी। इसको लेकर वह काफी खुश थे। बस सेवा बंद होने से वह काफी मायूस हैं। ग्रामीण सुरजीत सिंह, काली सिंह, और नितिन मिश्रा के अनुसार, बस सेवा बंद होने से उन्हें आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों से लेकर बुजुर्गों और रोजाना कामकाज के लिए जम्मू जाने वाले लोगो को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है जिससे उनका आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है।
छात्रा रिया मन्हास और सोनिया वर्मा ने बताया कि सरकारी बस सेवा से वह काफी खुश थी, क्योंकि उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिल रहा था। बस सेवा क्यों बंद हुई उनको इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने विभाग से बस सेवा तुरंत प्रभाव से बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मुद्दे पर शीघ्र ध्यान देकर बस सेवा को फिर शुरू किया जाए।